उरई। गरीब किसान की बिडंबना को उजागर करने वाला यह हादसा हर संवेदनशील इंसान को झकझोर जायेगा। मृत किसान के पास खेती के नाम पर मात्र एक बीघा जमीन थी और उसी की रखवाली में वह हादसे का शिकार हो गया।
रामपुरा थाने के ग्राम जाजेपुरा के निवासी रामकुमार (58वर्ष) की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। वैसे तो उनके चार पुत्र हैं लेकिन घर में केवल एक बीघा खेती होने से चारों परिवार सहित मजदूरी के लिए अहमदाबाद जा चुके हैं।
रामकुमार अपनी एक बीघा खेती के लिए जान दिऐ हुए थे। गुरुवार को देर रात कड़कड़ाते जाड़े में खेती की रखवाली के क्रम में वे सड़क से गुजरे, उनके साथ गांव के सुरेश (45वर्ष) भी थे। तभी एक अनियंत्रित लोडर तेज रफ्तार में दोनों को कुचलता हुआ निकल गया। पास में अलाव ताप रहे अन्य किसान जब तक दौड़े तब तक लोडर लापता हो चुका था। उन्होंने खबर की जिसके बाद माधौगढ़ अस्पताल की एंबुलेंस दोनों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। अस्पताल में रामकुमार को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि सुरेश को हालत गंभीर होने की वजह से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसे को लेकर मृतक रामकुमार के भतीजे संतोष कुमार ने रामपुरा थाने में अज्ञात लोडर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। थानाध्यक्ष लखन सिंह यादव ने बताया कि दुर्घटना करने वाले लोडर का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।







Leave a comment