उरई। मौजूदा सरकार को किसानों को कोई हमदर्दी नही है। बीज, सिचाई, खाद आदि सुविधाओं के मामले में किसानों को भटकना पड़ रहा है। उन्हें उपज का उचित मूल्य भी नही मिल रहा। गन्ना किसानों के बकाये के भुगतान में टालमटोल का रवैया जारी है। समाजवादी पार्टी इस सरकार को किसान विरोधी नीतियों के लिए सबक सिखायेगी।
यह एलान शुक्रवार को एक पत्रकार वार्ता में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह दादी ने किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्यों की सरकारें कारपोरेट घरानों की गुलाम हैं। उन्हें खुश करने के लिए इन सरकारों ने किसानों को बर्बाद कर दिया है। भाजपा शासित राज्यों में किसानों को अपनी आवाज उठाने पर गोलियों से भूना जा रहा है। उत्तर प्रदेश में भी किसान बदहाल हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी ने 27 जनवरी को विशाल प्रदर्शन जिला मुख्यालय पर आयोजित कर किसानों की ताकत का एहसास सरकारों को कराने का फैसला लिया है। प्रदेश के हर जिले में 27 जनवरी को समाजवादी पार्टी हंगामी प्रदर्शन करेगी। पार्टी के कार्यकर्ताओं के अलावा किसान और जनता के सभी त्रस्त वर्ग इसमें बड़े पैमाने पर भागीदारी की हामी भर चुके हैं।
पत्रकार वार्ता में प्रदेशीय नेता इंद्रजीत सिंह यादव, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष आनंद यादव, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष सोहराब खान व सुरेंद्र बजरिया, पूर्व विधायक दयाशंकर वर्मा, हाल में उरई नगर पालिका के प्रत्याशी रहे ज्ञानेंद्र सिंह ननकू भैया, पूर्व जिला पंचायत सदस्य लाखन सिंह कुशवाहा, तेजप्रताप यादव आदि उपस्थित रहे।







Leave a comment