• परिजन को नौकरी एवं पर्याप्त मुआवजा दिये जाने की मांग को लेकर बबाल काटते रहे ग्रामीण

  • चंदुर्रा कांड के शेष आरोपियों की चार दिन में गिरफ्तारी के आश्वासन पर माने परिजन

कोंच। इलाके के बहुचर्चित चंदुर्रा कांड में पिता की मौत के बाद बेटे के भी इलाज के दौरान दिल्ली में दम तोड़ देने के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सर्किल के चारों थानों का फोर्स गांव पहुंच गया था। मंगलवार की सुबह लगभग पांच बजे मृतक सुशील का शव दिल्ली से जैसे ही गांव पहुंचा वहां कोहराम मच गया। जब अंतिम संस्कार की बारी आई तो मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने उग्र होकर गतिरोध पैदा कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा मृतक के परिजनों को पर्याप्त आर्थिक मदद के साथ एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दिये जाने की मांग करने लगे। इसी के साथ आला अधिकारियों को भी मौके पर बुलाने की मांग को देखते हुये एसडीएम सुरेश सोनी व सीओ रुक्मिणी वर्मा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत किया। पुलिस के इस भरोसे पर कि शेष आरोपियों को चार दिन में गिरफ्तार कर लिया जायेगा, मृतक का अंतिम संस्कार लगभग दस बजे होने दिया गया।

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चंदुर्रा में 25 मार्च को परचून की दुकान में भीषण आगजनी में सात लोग बुरी तरह झुलस गये थे जिनमें दुकानदार गिरेन्द्रसिंह और उसके बेटे सुशील की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। मंगलवार को सुशील का शव गांव आया और भारी तनव के बीच उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुये तमाम पुलिस फोर्स बुलाया गया था जिसमें कोंच कोतवाली के अलावा नदीगांव, कैलिया और एट से भी पुलिस मौके पर पहुंची और अपनी देखरेख में अंतिम संस्कार कराया। हालांकि अंतिम संस्कार कराने में पुलिस और प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी क्योंकि मृतक के परिजन और ग्रामीण इस बात को लेकर गुस्से में थे कि मामले के पांच आरोपी अभी भी खुले में घूम रहे हैं और उनके घरों के सारे काम यथावत चल रहे हैं। ग्रामीण डीएम को भी मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे जिसे देखते हुये एसडीएम मौके पर पहुंचे और उन्होंने परिजनों को भरोसा दिया कि शासन की ओर से जो भी मदद संभव हो सकेगी, दिलाई जायेगी। मृतक सुशील की पत्नी भारती ने लिखित प्रार्थना पत्र सीओ को देकर योग्यतानुसार एक नौकरी दिये जाने की मांग की। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुये आरोपियों के घरों के बाहर भी पुलिस का पहरा बिठा दिया गया है।

 

Leave a comment