उरई। जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान को लेकर आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने एट कोतवाली पहुंचकर दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं।
थाना समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान कुल दो शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें एक आवास संबंधी तथा दूसरी पारिवारिक विवाद से जुड़ी थी। डीएम और एसपी ने दोनों पक्षों की बात सुनकर मौके पर ही प्रभावी कार्रवाई कर शिकायतों का निस्तारण करा दिया, जिससे फरियादियों ने राहत महसूस की।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक मामले का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
थाना समाधान दिवस के दौरान डीएम ने अधिशासी अधिकारी एवं लेखपाल को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न होने पाए। जहां भी अवैध कब्जे की स्थिति मिले, वहां तत्काल नोटिस जारी कर पीपी एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने खाली पड़ी सरकारी भूमि का सदुपयोग करते हुए वहां गौशालाओं के लिए हरे चारे की बुवाई कराने के निर्देश दिए, ताकि निराश्रित गोवंश के लिए चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय बनाकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।







Leave a comment