अवैध खनन माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, रातभर चली कार्रवाई में जेसीबी समेत कई वाहन सीज

उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जनपद में अवैध मिट्टी और मौरंग खनन माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा अभियान छेड़ दिया है। बीती रात प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध खनन एवं ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई की, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार 8 मई 2026 की रात जनपद में नवनियुक्त ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह को प्रतापुरा क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में संलिप्त 5 ट्रैक्टर और 1 जेसीबी मशीन पकड़ी गई। सभी वाहनों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कोतवाली जालौन में निरुद्ध करा दिया गया।

इस कार्रवाई में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार, खनिज विभाग के उमेश कुमार तथा पुलिस टीम मौजूद रही।

वहीं दूसरी ओर कालपी क्षेत्र में उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह और पुलिस उपाधीक्षक अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एनआर और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। रातभर चली चेकिंग के दौरान मौरंग से लदे 6 ओवरलोड ट्रकों और गिट्टी से भरे 1 ट्रक पर कार्रवाई करते हुए उन्हें विभिन्न थानों में निरुद्ध कराया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार इस संयुक्त कार्रवाई से परिवहन विभाग को लगभग 9 लाख रुपये से अधिक प्रशमन शुल्क प्राप्त होगा, जबकि खनिज विभाग को करीब 10 लाख रुपये राजस्व मिलने का अनुमान है। इसके अलावा वाणिज्य कर विभाग को भी बड़ी मात्रा में राजस्व प्राप्त होने की संभावना जताई गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

Recent posts