उरई। शनिवार को पूरे जनपद में ईदुलफितर का त्यौहार भाईचारे के उत्सव के रूप में पूरी गरिमा के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर ईदगाह सहित सभी मस्जिदों में नये कपड़े पहनकर सुबह पहुंचे मौमिन भाइयों ने ईद की विशेष नमाज अता की। इस दौरान मुल्क और जिला-शहर में अमन-चैन की दुआ मांगी गई। प्रशासन, पुलिस और विभिन्न राजनैतिक दलों के नेता व सामाजिक कार्यकर्ता ईदगाह पर मौजूद रहे जहां उन्होंने नमाजियों को गले मिलकर त्यौहार की मुबारकबाद दी।
कालपी में पवित्र रमजान महीने के समापन के साथ शाही ईदगाह सहित सभी मस्जिदों में सुबह नमाज हुई। शाही ईदगाह में पेश इमाम मौलाना नजमुल हुदा ने करीब 10 हजार नमाजियों को ईदुलफितर की नमाज अता कराई। पूर्व शहर इमाम कारी शमसुददीन रहमानी ने अपनी तकरीर के माध्यम से जाम और ओवर ब्रिज का मुददा उठाया।
जालौन में ईद के मुबारक मौके पर मस्जिदों में शांति और भाईचारे के साथ नमाज हुई। मोहल्ला तोपखाना स्थित ईदगाह में कारी उबैश साहब ने नमाज अता कराई। मदरसा वाली मस्जिद में कारी उजैर साहब, तकिया वाली मस्जिद में मौलाना साबिर और वाले वाली मस्जिद में इमाम मौलान इरफान अजहरी ने नमाज अता कराई।

Leave a comment