उरई। कालपी में एक फल विक्रेता को चकमा दे कर बाइक से पहुँचा टप्पेबाज़ 21 हजार रुपए की चपत लगा कर गायब हो गया ।
कालपी में नगर पालिका गेट के बाहर कैलाश ठेले पर फल बेचता है । मंगलवार को एक बाइक सवार उसकी दुकान पर पहुँचा और अपने को पुलिस वाला बता कर उसने कैलाश से फल खरीद लिए और उसने कैलाश से 21 हजार रुपए के बड़े नोटों के फुटकर दिलवाने को कहा । कैलाश उसके झांसे में आ गया और उसने 100-100 के 21 हजार रुपये के नोट उसे दे दिये । इस बीच बाइक सवार ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया । कुछ देर बाद कैलाश का भाई आ गया जिस पर वह उससे बोला कि बाबूजी से 21 हजार रुपये और फलों के पैसे ले लेना और खुद खाना खाने घर चला गया । बाद में बाइक सवार ने उसके भाई से भी चिकनी चुपड़ी बातें शुरू कर दी और उसे भुलावे में डाल कर बीमार माँ को पास में ही फल दे कर आने की बात कहता हुआ खिसक गया । जब वह काफी देर तक नहीं लौटा तब उसके भाई को अपने साथ धोखा होने का एहसास हुआ । बाद में कैलाश ने पुलिस में प्रार्थना पत्र दिया । प्रभारी निरीक्षक सुधाकर ने बताया कि कैलाश की तहरीर की जाँच की जा रही है ।






Leave a comment