
उरई । कागजों में काम दिखा कर प्रधान और सचिव अपनी जेबें भर रहे हैं जबकि नारकीय हालातों में गुजर रहा गाँव भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है । यह आरोप लगाते हुए माधौगढ़ तहसील के कुदारी गाँव के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना दे कर जाँच की माँग की ।
चन्द्रशेखर पुत्र बुधू आदि ने जिलाधिकारी को दिये गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि प्रधान और सचिव की करतूत से दलित बस्ती में नाला न होने के कारण बरसात में लोगों को दलदल में घुस कर आना जाना पड़ा जिसमें भारी परेशानी हुई पर प्रधान नहीं पसीजे । शिकायती पत्र में उन्होने इंटरलाकिंग और नाला निर्माण के नाम पर निकाली गई धनराशि का ब्यौरा दिया और माँग की कि कागजों में दर्शाए गए इन कामों का सक्षम अधिकारी से भौतिक सत्यापन कराया जाये ताकि हकीकत सामने आ सके ।
उन्होने कहा कि गाँव में बिछे खड़ंजे की ईंटें निकलवा कर प्रधान द्वारा अपने मकान में लगा लेने की भी पुष्टि जाँच में की जा सकती है । प्रधान के ख़िलाफ़ गबन और अमानत में खयानत का मुक़दमा दर्ज कर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की माँग की ।






Leave a comment