कोंच-उरई । त्योहारों के मद्देनजर और आम दिनों में भी नगर में बिक रही मिलावटी खाद्य सामग्री की शिकायतों के बाद अभिहित अधिकारी ने एसडीएम से मशविरा कर किराना व्यापारियों को कड़ी चेतावनी दी कि मिलावटी घी, तेल, खोवा, मावा या अन्य किसी भी खाद्य सामग्री या किराने के सामान में मिलावट पायी गई तो खैर नहीं है।
गौरतलब है कि नगर के अधिकांश बाजार मिलावटखोरी के भयंकर शिकार हैं और बेहिसाब मुनाफा कमाने की लालसा में यहां मिलावटी सामानों की बिक्री काफी तादाद में होती है। यहां से मिलावटी देसी घी एवं खोआ पनीर तैयार कर दूर दराज इलाकों में भेजा जाता है और खुलेआम जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जाता है। मिलावटी खाद्य सामग्री की शिकायतें अधिकारियों तक भी पहुंच रहीं हैं जिन पर संज्ञान लेकर एसडीएम गुलाब सिंह ने अभिहित अधिकारी प्रियंकासिंह को नगर क्षेत्र में छापेमारी करने के लिए कहा था जिस पर प्रिंयकासिंह एसडीएम से मिलीं और छापेमारी को लेकर मंत्रणा की। एसडीएम ने फिलहाल दुकानदारों को चेतावनी देने के निर्देश दिये और कहा कि शीघ्र ही मिलावटी खाद पदार्थों की बिक्री पर लगाम लगाने के लिये अभियान चला कर सैंपलिंग की कार्यवाही कराई जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल शर्मा ने कहा कि मिलावटी वस्तुओं की बिक्री को कड़ाई से रोका जाएगा अनैतिक तरीके से कारोबार करने बालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।






Leave a comment