उरई। नगर पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा भाजपा में सीधे प्रदेश नेतृत्व के सामने इंट्री लेने में कामयाब रहे। गुरुवार को लखनऊ में भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने माला पहनाने के साथ भगवा अगोछा डालकर उन्हें विधिवत पार्टी में शामिल किया। मजे की बात यह है कि भाजपा की जिला इकाई को इसकी कानों-कान खबर नही थी।
स्थानीय निकाय चुनाव के समय पार्टी द्वारा उम्मीदवार न बनाने के बावजूद अनिल बहुगुणा मैदान में उतर गये थे। जिसकी वजह से उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। हालांकि जीतने के बाद पहले दिन से ही अनिल बहुगुणा पार्टी में वापसी के लिए हाथ-पैर मार रहे थे। उन्होंने कानपुर देहात के सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में काफी मेहनत की। लेकिन स्थानीय नेताओं की अड़ंगेबाजी के चलते उन्हें पार्टी में इंट्री नही मिल पा रही थी।
अंततोगत्वा बहुगुणा ने प्रदेश नेतृत्व से अपने सीधे तार जोड़े जिसके चलते आज उनको लखनऊ में पार्टी में फिर से शामिल कर लिया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पाण्डेय के अलावा वरिष्ठ पदाधिकारी विद्या सागर सोनकर, गोविंद शुक्ला, पूर्व सांसद रामविलास वेदांती और सांसद कौशल किशोर भी मौजूद रहे।

Leave a comment