उरई। आटा थाने के उकासा में ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा कराकर दरोगा द्वारा अवैध निर्माण कराने की शिकायत को लेकर अपर जिलाधिकारी ने पुलिस को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकत की पुनरावृत्ति हुई तो कड़ी कार्रवाई होगी।
उक्त ग्राम निवासिनी बिटिया उर्फ बड़ी बहू पत्नी हुलासी ने अपर जिलाधिकारी को बताया कि गांव में उसके घर और तालाब के बीच 20 फुट के रास्ते पर प्यारेलाल, फूलसिंह और प्रेम सिंह ने अवैध कब्जा कर लिया है। जिस पर वे पक्का निर्माण कराने की फिराक में हैं। उसके पति ने कालपी के उप जिलाधिकारी को जब इसकी शिकायत की तो आरोपितों को रोक दिया गया।
लेकिन इसी बीच आरोपितों ने आटा थाना के दरोगा हुकुम सिंह को चढ़ौती चढ़ा दी। जिससे हुकुम सिंह उनका इस कदर तावेदार हो गया कि 2 अक्टूबर को उसने खुद बैठकर ग्राम समाज की जमीन पर नींव खुदवा दी। जब उसने रोका तो आरोपितों ने उससे गाली-गलौज की और उसके पुत्र कप्तान पर कुल्हाड़ी लेकर दौड़े। इतना ही नहीं बिकी हुई पुलिस ने अगले दिन उसके छोटे पुत्र ध्रुव सिंह का ही चालान कर दिया। गुरुवार को दरोगा जी फिर बैठकर निर्माण कराने लगे।
बड़ी बहू की फरियाद सुनकर पुलिस के अनाचार पर एडीएम प्रमिल कुमार सिंह तमतमा गये। उन्होंने फोन करके आटा एसओ को जमकर लताड़ लगाई। जिससे उनकी घिग्घी बंध गई।

Leave a comment