उरई। जिलाधिकारी ने पेयजल समस्या के निराकरण के लिए स्थानीय निकायों से सोलर प्रोजक्ट लगाने के निर्देश दिये हैं।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगर निकायों के अधिशाषी अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने 14वें वित्त के संबंध में समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी ने कहा कि 14वें वित्त से प्राप्त धनराशि से हैंडपंप मरम्मत, रीबोर आदि के काम कराये जायें। अधिशाषी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की कुछ समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिस पर उन्होंने कहा कि संबंधित उपजिलाधिकारी से मिलकर इनका निराकरण करायें।
उरई नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी संजय कुमार ने स्टेशन रोड एवं झांसी रोड के डिवाइडरों पर लगीं लाइटों को क्षतिग्रस्त कर दिये जाने की शिकायत जिलाधिकारी से की। जिस पर डीएम ने उन्हें पुलिस में एफआईआर कराने के निर्देश दिये। जालौन रोड के किनारे जल भराव का मुददा भी आया। जिसे लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि रोड किनारे नाली बनाई जानी हैं। जिसके बाद यह समस्या समाप्त हो जायेगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह और जिले की सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अधिशाषी अधिकारी व संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a comment