उरई। उद्भट विद्वान, साहित्यकार और कई पुस्तकों के रचयिता स्व. डा. दिनेश चंद्र द्विवेदी की स्मृति में पांचवे वर्ष की जिला स्तरीय बौद्धिक ज्ञान प्रतियोगिता सोमवार को संपन्न हुई। चार केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 328 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया।
ग्रामीण क्षेत्र के प्रतियोगियों में ज्यादा उत्साह देखने को मिला। ढाई सौ प्रश्नों के हल के लिए ढाई घंटे का समय निश्चित था। जिले से संबंधित पूंछे जाने वाले 25 प्रश्नों में कई प्रश्न ऐसे थे जिनका उत्तर खोजने को प्रतियोगी उलझे रहे। इस वर्ष की प्रतियोगिता में लड़कों के मुकाबले लड़कियों ने ज्यादा संख्या में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के अध्यक्ष डा. अंकुर शुक्ला, डा. कुमारेंद्र सेंगर और प्रभारी अभय प्रताप भदौरिया ने स्वयं सभी केंद्रों पर जाकर मुआयना किया। समाजसेवी हेंमंत कुमारी महाविद्यालय गोहन, रसकेंद्री महाविद्यालय ऊमरी, एफएलजेएस शिक्षा निकेतन रामपुरा और मुस्कान हास्पिटल एंड नर्सिंग सेंटर परीक्षा केंद्रों पर पूर्वांह 11 बजे से अपरान्ह डेढ़ बजे तक प्रतियोगिता आयोजित हुई। परीक्षा प्रेक्षक के रूप में रामकुमार सिंह जादौन, कुंज बिहारी द्विवेदी, जय नारायण ओझा अलग-अलग केंद्रों पर तैयार किये गये थे। डा. अंकुर के अनुसार आंसर शीट वेबसाइट पर लोड करा दी गई है। 28 अक्टूबर को मूल्यांकन होगा जिसमें प्रतियोगियों की मेहनत सामने आयेगी। परिणाम 4 नवम्बर को घोषित होगा।






Leave a comment