उरई। कालपी में कोतवाली परिसर में उप जिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला और पुलिस उपाधीक्षक सुबोध गौतम की संयुक्त अध्यक्षता में शान्ति समिति की बैठक आयोजित हुई। जिसमें नवरात्र और दशहरे के पर्व शांतिपूर्वक मनाने के लिए विचार विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए उप जिलाधिकारी ने कहा कि कालपी नगर में त्यौहारों को आपसी प्रेम और भाईचारे से मनाने की परंपरा रही है। आगामी त्यौहारों में भी यह परंपरा और अच्छे ढंग से बरकरार रखी जानी चाहिए। पुलिस उपाधीक्षक सुबोध गौतम ने बताया कि नवरात्र के समापन पर झांकियों की मूर्तियों के विसर्जन के लिए यमुना नदी के समीप वैकल्पिक सरोबर हर वर्ष की भांति तैयार कराया जायेगा।
कोतवाल सुधाकर मिश्र ने बैठक में बताया कि त्यौहारों के दौरान पुलिस के पुख्ता इंतजाम किये जायेगें। अगर किसी ने गड़बड़ी करने की कोशिश की तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी। इस मौके पर कानून व्यवस्था इंस्पैक्टर प्रभुनाथ, सब इंस्पैक्टर मनोज कुमार गुप्ता, वीडी बुंदेला, विधायक प्रतिनिधि भारत सिंह यादव, शरीफ अंसारी, शिवबालक सिंह, अजीत सिंह यादव, सुनील पटवा, जय खत्री, पूर्व पालिकाध्यक्ष कमर अहमद, नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार आदि ने भी विचार प्रकट किये।

Leave a comment