
उरई । रात के वक्त तालाब से निकल कर मगरमच्छ के गाँव में घुस आने से हड़कंप मच गया । ग्रामीणों ने जब मगरमच्छ को देखा तो गांव में दहशत फैल गई । वन विभाग को सूचना दी गई । मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू करके मगरमच्छ को पकड़कर बेतवा नदी में छोड़ दिया ।
कोटरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुरकुरु में गांव के बाहर बने तालाब से निकल कर मगरमच्छ गांव में घुस आया । मगरमच्छ करीब 5 से 7 फुट लंबा था । ग्रामीणों ने जब मगरमच्छ को देखा तो वहां हड़कंप मच गया । शोरगुल सुनकर पूरा गांव इकट्ठा हो गया वहीं ग्रामीणों ने मगरमच्छ को मारने की कोशिश की तो मगरमच्छ ने विकराल हो कर गांव वालों के ऊपर हमला करने की कोशिश की जिससे ग्रामीण दूर भागते नजर आए । बाद में ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी । मौके पर पहुंचे वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद रहमान खान, वन दरोगा जावेद खान, पुष्पेंद्र सिंह ने अपनी टीम के करीब 1 घंटे मशक्कत करने के बाद मगरमच्छ पर काबू पा लिया । उसे पिकअप के से सैदनगर में बेतवा नदी घाट पर पानी में छोड़ दिया । तब जाकर गांव वालों को शांति मिली । वही वन विभाग के क्षेत्राधिकारी मोहम्मद रहमान खान का कहना है कि मगरमच्छ बेतवा नदी से निकली नहर से इन तालाबों में आ जाते हैं । गांव वाले सचेत रहें और अगर आसपास कहीं भी मगरमच्छ को देखें तो तत्काल सूचना वन विभाग को दे ।





Leave a comment