उरई। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता हरीओम उपाध्याय ने कहा है कि गुजरात में उत्तर भारतीयों के साथ हो रही हिंसा के कारण भाजपा को आने वाले चुनाव में भारी नुकसान हो सकता है। इसलिए पार्टी हाईकमान को चाहिए कि इस मामले को गंभीरता से लेकर उत्तर भारतीयों की सुरक्षा और संरक्षण की कारगर व्यवस्था करे।
रविवार को अपने आवास पर पत्रकार वार्ता करते हुए हरीओम उपाध्याय ने कहा कि पार्टी के वफादार सिपाही होने के नाते वे गुजरात में उत्तर भारतीयों पर हुए हमले को लेकर बेहद चितिंत हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में रह रहे जालौन जिले के लोगों ने गत लोकसभा चुनाव में जनपद में आकर न केवल खुद का वोट भाजपा को पूरी जिम्मेदारी के साथ दिया था बल्कि उन्होंने यहां कई दिन रुककर भाजपा का समर्थन मजबूत करने के लिए अभियान चलाया था। विधान सभा चुनाव में भी उन्होंने भाजपा के लिए इसी तरह की भूमिका निभाई थी। गुजरात में रहने वाले जनपद के वाशिंदों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जबर्दस्त आस्था है। जिसे खरोंच नही आने देनी चाहिए। इसीलिए वे चाहते है कि समय रहते सरकार और पार्टी आगाह हो जाये और डैमेज कंट्रोल के प्रभावी कदम फौरन उठाये जायें।
हरीओम उपाध्याय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से अपील की कि वे इस मुददे पर गुजरात के मुख्यमंत्री से बात करें। उन्होंने कहा कि अकेले जनपद जालौन में हजारों की संख्या में गुजरात में रोजगार कर रहे परिवार वापस लौटने को मजबूर हुए हैं। पूरे बुंदेलखंड में इनकी संख्या लाखों में है। इन्होंने गुजरात को समृद्ध बनाने में अपने खून-पसीने से बड़ा योगदान दिया है। जिसकी वजह से इनकी अनदेखी नही होने चाहिए। उन्होंने गिरोह बनाकर उत्तर भारतीयों को साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।





Leave a comment