उरई। प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना में लोन दिलाने का झांसा देकर दर्जनों लोगों को ठगने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को कोंच पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से गिरफ्तार कर लिया जिनमें एक महिला है।
मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी डा. अरविंद कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपितों शैलेंद्र रैकवार उर्फ संजीव श्रीवास्तव निवासी पथाला खेड़ा थाना भगवा जनपद छतरपुर मध्य प्रदेश और ऊषा पाल उर्फ नेहा मिश्रा निवासी ग्राम टपरियन थाना पलेरा जनपद टीकमगढ़ मध्य प्रदेश ने जनशक्ति फाइनेंस कंपनी बनाई थी जिसके तहत प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना, शिक्षा, प्रापर्टी, व्यापार, एग्रीकल्चर और होम लोन आदि के नाम पर वे लोगों को भरमाते थे। दोनों ने जगह-जगह पंपलेट चस्पा करवा रखे थे। ग्राहकों से उनकी आमने-सामने मुलाकात नही होती थी। वे केवल फोन पर बात करते थे।
इसी क्रम में उन्होंने कैलिया थाने के सामी निवासी अजय कुमार को 10 लाख रुपये का कृषि लोन दिलवाने का झांसा देकर उनसे अपने खाते में 10 हजार रुपये जमा करा लिए थे। अजय कुमार को जब अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने कोंच कोतवाली में दोनों के खिलाफ 14 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस अधीक्षक ने कोंच पुलिस के सहयोग के लिए सर्विलांस टीम को उसके साथ लगा दिया। अंततोगत्वा दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया जिससे ठगी का एक बहुत बड़ा नेटवर्क छिन्न-भिन्न हो गया।
इस खुलासे में महत्वपूर्ण योगदान करने वाले प्रभारी निरीक्षक कोंच देवेंद्र सिंह और सर्विलांस प्रभारी महेश दुबे व उनकी टीम को एसपी ने उत्साहवर्धन के लिए 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया।

Leave a comment