उरई। जालौन कोतवाली क्षेत्र में निर्माणाधीन फोरलेन पर हुए सड़क हादसे में एक किशोरी की मौत हो गई जबकि तीन युवक घायल हो गये जिनमें से एक को गंभीर हालत के कारण मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया गया है।
बुधवार को उरई-जालौन मार्ग पर भिटारा के पास एक मोटर साइकिल असंतुलित होकर मजार के पास पड़ी मिटटी के ढेर में फिसलती हुई घुस गई। जिससे संगीता (17वर्ष) पुत्री भदोले निवासी गढ़र थाना कोतवाली उरई की मौत हो गई। जबकि मोटर साइकिल में बैठे माधौगढ़ थाने के अटागांव निवासी तीन युवक घायल हो गये। इनमें से एक को बाद में गंभीर हालत के कारण जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया।
उधर घटना को लेकर किशोरी के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अटागांव का वीरू नाम युवक गढ़र आकर कई दिनों से संगीता के साथ नैन-मटक्का कर रहा था। बीती रात वह उसे फुसलाकर ले गया और अपने साथियों के साथ भिटारा के नजदीक आज उसकी हत्या कर दी। जालौन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता के मुताबिक सरसरी तौर पर यह मामला एक्सीडेंट का मालूम होता है लेकिन वे सभी पहलुओं के दृष्टिगत जांच कर रहे हैं।

Leave a comment