उरई। माधौगढ़ थाना क्षेत्र में बंगरा के पास गत 7 सितंबर को सर्राफ के साथ हुई चर्चित लूट के फरार आरोपित को गुरुवार को उसके तीन अन्य साथियों के साथ मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया । उसे गिरफ्तार करने के लिए 25 हजार रुपए इनाम घोषित किया गया था । पुलिस अधीक्षक डॉ अरविंद चतुर्वेदी ने मीडिया से बातचीत में जानकारी देते हुए इस सफलता के लिए माधौगढ़ कोतवाली पुलिस , सर्विलान्स और स्वाट टीम के सदस्यों की पीठ थपथपायी ।

मालूम रहे कि उक्त वारदात में रामबाबू सोनी से दुकान बंद कर घर जाते समय बंगरा चौराहे पर बाइक से आए तीन बदमाशों ने तमंचे की नोंक पर जेवरातों से भरा बैग लूट लिया था और फरार हो गए थे । इस मामले में प्रकाश में आए 2 आरोपित अभिषेक और शिवम गुर्जर 16 सितम्बर को लूटे गए कुछ जेवरातों के साथ गिरफ्तार कर लिए गए थे लेकिन इनके द्वारा मुख्य सरगना बताया गया नुनायाचा थाना माधौगढ़ निवासी भूपेन्द्र यादव एसपी द्वारा उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किए जाने के वाबजूद पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पा रहा था ।

बकौल पुलिस अधीक्षक डॉ अरविंद चतुर्वेदी आज माधौगढ़ के पास भीमनगर तिराहे पर भूपेन्द्र के होने की सूचना मुखबिर से मिली जिस पर माधौगढ़ के प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह , स्वाट टीम प्रभारी ब्रिजनेश यादव और सर्विलान्स प्रभारी महेश दुबे ने अपनी टीमों के साथ उसे  घेर लिया। आरोपित 2 मोटर साइकिलों पर सवार थे । पुलिस को देख उन्होने तमंचे से फायर कर निकल भागने की कोशिश की जिस पर पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर उनके हौंसले पस्त कर दिये । भूपेन्द्र यादव के अलावा गिरफ्तार तीन अन्य आरोपितों के नाम उन्होने पंकज सिंह सेंगर निवासी देवरी थाना जालौन , मस्ताना निवासी कोटरा और लाल सिंह यादव निवासी ग्राम धर्मबाबा थाना डकोर बताये हैं । इनके पास से कारतूसों सहित 2 तमंचे और सर्राफ लूट का बड़ी मात्रा में जेवर बरामद किया गया । इनकी दोनों मोटर साइकिलें भी जब्त कर ली गयीं हैं । दोनों मोटरसाइकिलें चोरी की हैं ।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार भूपेन्द्र यादव के ख़िलाफ़ विभिन्न थानों में 14 और पंकज सेंगर के ख़िलाफ़ 5 संगीन वारदातों के मामले दर्ज हैं ।

 

Leave a comment