कालपी-उरई। स्थानीय तहसील सभागार में उप जिलाधिकारी सुनील कुमार की अध्यक्षता में निर्वाचन कार्यों से जुड़े सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक आयोजित हुई जिसमें बूथबार वोटर लिस्ट तैयार करने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों की जानकारी दी गई।
गुरुवार को हुई बैठक में उप जिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला ने कहा कि जिन ग्रामों में जेंडर रेसियो कम है उनमें महिलाओं की तादाद बढ़ाकर सुधार कराया जाये। 1 हजार पुरुष मतदाताओं के सापेक्ष 865 महिला मतदाताओं के नाम दर्ज होने चाहिए।
सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों से उन्होंने बूथों पर पहुंचकर बीएलओ के रजिस्टर चेक करने और मतदान केंद्र व बूथों के सर्वेक्षण की रिपोर्ट तैयार करने को कहा। निर्देश दिये कि निरीक्षण के दौरान प्रत्येक बूथ पर विद्युत, पानी, शौचालय, रैंप, छाया, बरामदा आदि की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर लें। इस मौके पर तहसीलदार सालिकराम ने भी आयोग के तमाम दिशा निर्देशों से अवगत कराया।
बैठक में अपर सांख्यकीय अधिकारी प्रवीण कुमार, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी कमलेश मौर्य, आबकारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार, राजीव कुमार, विष्णु प्रताप सिंह, उप राजस्व अधिकारी लालता सिंह, नीरज यादव, केडी यादव सहित डेढ़ दर्जन से अधिक सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने निरीक्षण के दौरान कई बूथों पर बीएलओ नदारत मिलने की शिकायत की। कहा कि इससे कार्य प्रभावित होता है। एसडीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए कहा कि गैर हाजिर रहने वाले बीएलओ के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी। मतदाता सूची पुनरीक्षण का अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा।







Leave a comment