कोंच-उरई । एसडीएम गुलाब सिंह के निर्देश पर नायब तहसीलदार राकेश राजपूत ने मंगलवार को ग्राम भदेवरा में छापा मार कर मिट्टी का अबैध तरीके खनन कर रही जेसीबी को पकड़ लिया। इसी के साथ एक ट्रैक्टर भी पकड़ा गया है। दोनों वाहनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। जेसीबी का चालक भी गिरफ्त में आया है।

हालांकि मिट्टी खनन पर से सरकार ने रॉयल्टी शून्य कर दी है लेकिन यह व्यवस्था केवल किसानों के लिए है जिन्हें दो चार ट्राली मिट्टी अपने निजी काम से लेनी होती है। इस छूट की आड़ में खनन माफिया व्यापक पैमाने पर मिट्टी का अबैध खनन करने में जुटे हैं। ऐसी ही एक गोपनीय सूचना एसडीएम गुलाब सिंह को मिली कि ग्राम भदेवरा में व्यवसायिक उपयोग हेतु बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन जारी है। सूचना पर एसडीएम ने गंभीरता से संज्ञान लेकर नायब तहसीलदार राकेश राजपूत को मामला देखने के निर्देश दिए। नायब ने मौके पर छापा मारा तो खेत में खुदाई करती जेसीबी मशीन और वहां खड़ा एक ट्रैक्टर जब्त कर मंडी पुलिस चौकी के हवाले कर दिया। एसडीएम का कहना है कि मामले की जांच तहसीलदार भूपाल सिंह को दी गई है। यदि बिना अनुमति के खनन होता पाया जाता है तो नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल अभी यह जानकारी नहीं हो सकी है कि यह दोनों वाहन किस माफिया के हैं।

 

Leave a comment