* पहाडग़ांव में बनवाया गया चेकडैम किसानों की फसलों के लिए बना है यमदूत

कोंच-उरई । ग्राम पहाडग़ांव में बनाए गए चेकडैम ने दर्जनों किसानों की लहलहा रहीं फसलों के लिए यमदूत का काम किया है। नहर के पानी के ओवरफ्लो होने तथा चेकडैम के कारण रुक रहा पानी खेतों में खड़ी फसलों को निगल गया और किसानों की बर्बादी की इबारत लिख डाली। बताया गया है कि सैकड़ों एकड़ फसलें जलमग्न हा कर बर्बाद हो गईं हैं जिसके कारण दर्जनों किसान तबाही के मुहाने पर पहुंच गए हैं। किसानों ने मंगलवार को एसडीएम गुलाब सिंह से भी इसकी शिकायत की है, एसडीएम ने तत्काल सिंचाई विभाग के अवर अभियंता को मौके पर भेज कर पानी रोकने के बंदोबस्त करने के निर्देश दिए हैं।

ग्राम पहाडग़ांव के किसान सरयूप्रसाद, रामलाल, सरमन, सत्यपाल, गजराज, ओमप्रकाश, संतराम, रामाधार, देवीदयाल, विजयकिशोर, राजकुमार, विमला मिश्रा, अजितकुमार, रामशंकर द्विवेदी, रवीन्द्रसिंह, ठाकुरदास, लखनलाल, परशुराम, लालाराम, ब्रजभूषण, रामपाल, अखिलेश, रामनरेश सहित तकरीबन तीन दर्जन किसानों ने मंगलवार को एसडीएम से मुलाकात की और अपनी बर्बादी की कहानी सुनाते हुए बताया कि गांव के पश्चिम में बह रहे नाले पर गत बर्ष चेकडैम बना दिया गया था जिससे नाले का पानी अवरुद्घ हो गया है। नाले का पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में खड़ी फसलों में भर गया है और फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। किसानों का यह भी कहना है कि नाले की सफाई भी नहीं कराई गई थी जिसके कारण उसमें जमी सिल्ट भी पानी को खेतों में जाने का कारण बनी है। उन्होंने मांग की है कि खेतों का सर्वे कराया जाए और मुआवजा दिलाया जाए। इसके अलावा पानी को खेतों में जाने से रोकने का भी प्रबंध कराया जाए।

 

Leave a comment