उरई | जेल से अदालत में पेशी पर लाये जाने के दौरान कालपी में पुलिस को चकमा दे कर फरार हुए शातिर अपराधी को दबोचने में पुलिस लगभग एक पखवाड़े के बाद कामयाब हो गयी | उसे शरण देने वाले मध्यप्रदेश के उसके 2 रिश्तेदारों को भी गिरफ्तार किया गया है | शायद उन पर शिकंजा कसे जाने से ही फरार अपराधी तक पुलिस पहुँच सकी है | पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने इसके लिए एस ओ जी और सर्विलांस को लगाया था | यह कदम सफलता की कुंजी साबित हुआ |
पुलिस के दावे के मुताबिक़ वांछित अपराधी भूपेन्द्र यादव निवासी मोहल्ला रावतान क़स्बा जालौन को कालपी के पास रायड के जंगल में छुपा था , साथ में उसके 2 सहयोगी सुनील यादव और चन्दन यादव निवासी गण स्यौन्ड़ा जिला दतिया थे | पुलिस ने घेरा तो उसने गोली चला दी | मुठभेड़ के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया |
भूपेन्द्र के खिलाफ लूट , चोरी , गैगेस्टर आदि के 26 मामले जालौन के कानपुर , कानपुर नगर , कानपुर नगर , औरैया आदि जनपदों में दर्ज हैं | पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने इस उपलब्धि पर कालपी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह , एस ओ जी प्रभारी अर्जुन सिंह , सर्विलांस प्रभारी योगेश पाठक और उनकी टीमों को शाबाशी दी |








Leave a comment