नदीगांव में अनुपस्थित मिले डाक्टर का 3 दिन का वेतन काटा

उरई | मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० एन०डी० शर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नदीगाँव का औचक निरीक्षण किया | अनुपस्थित चिकित्सक डा० विनोद कुमार का तीन दिन का वेतन रोकने के आदेश दिये |  चीफ फार्मासिस्ट रवीन्द्र सिंह चन्देल का एक दिन तथा अंजनी कुमार का दो दिन का वेतन रोकने के आदेश दिये। पंजीकरण कक्ष, रोगियों के बैठने की व्यवस्था तथा साफ सफाई पर संतोष व्यक्त किया |  

पीने का पानी ठण्डा न होने पर कड़ी नाराजगी जताई तथा चिकित्सा अधीक्षक डा० देवेन्द्र कुमार को तत्काल आर०ओ० एवं वाटर कूलर सही करने के निर्देश दिये। इमरजेन्सी कक्ष में भर्ती रोगी पूनम से बात कर उसके हालचाल पूछे । डा० मोहिनी गुप्ता द्वारा 43 नये तथा 1 पुराना रोगी निरीक्षण के समय तक देखा गया |  आक्सीजन कन्सट्रेटर, सक्शन सही प्रकार से कार्य नहीं कर रहा था जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अप्रसन्नता व्यक्त की गयी तथा ठीक कराने के निर्देश अधीक्षक को दिये। औषधि भण्डार, लेबर रुम,  एक्स-रे, पैथोलोजी कक्षों का निरीक्षण भी उन्होंने किया जिसमें  व्यवस्थाये संतोषजनक मिली। अन्य अनुपस्थित अधिकारियों,  कर्मचारियों से स्पष्टीकरणा प्राप्त करने के निर्देश दिये तथा स्वीकृत होने तक वेतन रोकने के आदेश दिये | समस्त चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को समय से अस्पताल में उपस्थित रहने, फील्ड जाने पर भ्रमण पंजिका में अंकन करने तथा मरीजो एवं तीमारदार से मृदु व्यवहार करने के निर्देश दिये, बेड आक्यूपेन्सी बढाने के निर्देश दिये।

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भेड का निरीक्षण 11 बजे किया गया |  चिकित्सक के अनुपस्थित रहने पर वेतन बाधित किया गया |  स्टोकबुक अपडेट न होने पर फार्मासिस्ट संजय चन्देल को कठोर चेतावनी दी तथा प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश दिये। चिकित्सालय की साफ सफाई ठीक थी। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सदूपुरा का निरीक्षण 12 बजे किया गया |  ओ०पी०डी० में 7 रोगी देखे गये थे। चिकित्सालय की साफ सफाई ठीक मिली।

Leave a comment