गांजा तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार,1 किलो से ज्यादा बरामद

माधौगढ़- माधौगढ़ पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। क्षेत्र में अवैध कार्यों पर लगाम कसने में पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ रही है। कारण यह है कि कुछ दिन पूर्व अवैध बालू के काम में पुलिस के दामन में छींटे पड़े हुए थे। जिसे नए क्षेत्राधिकारी डॉ देवेंद्र पचौरी और थाना इंचार्ज विमलेश कुमार साफ करने में लगे हुए हैं हालांकि पुलिस कप्तान की कार्रवाई में थाने से लेकर चौकी तक के संदेहास्पद पुलिसकर्मियों को हटा दिया गया है। इसीलिए अब काले धंधे रडार पर हैं और एक-एक कर उन पर पुलिस का चाबुक चल रहा है। लगातार मध्य प्रदेश से आने वाले बालू के अवैध ट्रकों को पकड़ा जा रहा है तो अवैध बसों पर भी पुलिस की नजर टेढ़ी है। इसके अलावा मादक पदार्थों की बिक्री या उनकी सप्लाई करने वाले भी पुलिस की नजर से बच नहीं पा रहे हैं। इसी के चलते एसआई जितेंद्र कुमार ने अरुण सिंह पुत्र सुल्तान सिंह निवासी कैलोर को 1 किलो 400 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार कर लिया। थाने में मुकदमा पंजीकृत कर न्यायालय भेजा गया है। थाना इंचार्ज विमलेश कुमार ने स्पष्ट किया है,कि क्षेत्र में अवैध कार्यों की जानकारी उन तक आएगी तो संलिप्त लोगों को कतई बख़्शा नहीं जाएगा।

Leave a comment