समाज कल्याण राज्यमंत्री से मिले वरिष्ठ समाज सेवी रामशरण जाटव


उरई। समाज कल्याण विभाग की सहायता से प्रदेश भर में संचालित हो रहे विद्यालयों की समस्याओं को लेकर समाज कल्याण विद्यालय प्रबंधक संघ के अध्यक्ष और वरिष्ठ समाज सेवी रामशरण जाटव ने लखनऊ में जाकर भागीदारी भवन में प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरूण से भेंट की और उन्हें एक ज्ञापन भेंट किया।
ज्ञापन में मुख्य रूप से उक्त विद्यालयों के जीर्णशीर्ण भवनों की मरम्मत और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था पर चर्चा की गई। साथ ही 30-35 साल से संचालित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का वेतन बैंकों के माध्यम से दिये जाने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि इसके अलावा विद्यालयों के रखरखाव हेतु किसी प्रकार की सहायता विभाग से प्रदत्त नहीं की जा रही है। मिडडे मील के अलावा बच्चो के लिए अन्य सुविधाओं जैसे पाठ्य पुस्तकें, ड्रेस, जूता, मोजा, स्वेटर आदि के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है जबकि इन विद्यालयों में अधिकांशतः अनुसूचित जाति और गरीब तबके के बच्चे शिक्षा लेते हैं।
उन्होंने प्रदेश में दलित उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं और महिलाओं के साथ अभद्रता के बढ़ते मामलों की ओर भी मंत्री जी का ध्यान आकर्षित किया और इसे रोकने के लिए प्रभावी कार्यवाही की मांग की।

Leave a comment