मुख्यमंत्री ने की व्यवस्था, अब अफसरशाही से जनप्रतिनिधियों का नहीं होगा टकराव बोले कैबिनेट मंत्री राकेश सचान


उरई। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने ऐसी व्यवस्था कर दी है जिससे अफसरशाही के कारण जनप्रतिनिधियों में असंतोष पैदा होने का अवसर समाप्त हो जायेगा। वे शनिवार की शाम स्टेशन रोड पर प्रसिद्ध चिकित्सक डा केएन सिंह के नर्सिंग होम पर संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
राकेश सचान ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के अलग-अलग समूह गठित करके उन्हें मंडल आवंटित किये हैं। उनके पास चित्रकूट मंडल का जिम्मा है। इसके तहत मंत्री अपने मंडल के जिलों के भ्रमण पर जाते हैं जहां वे पहले पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से फीडबैक लेते हैं इसके बाद अधिकारियों की समीक्षा बैठक में पहुंचकर जनप्रतिनिधियों की शिकायतों के बारे में चर्चा करके उनका निवारण करा देते हैं। इससे जनप्रतिनिधियों और अफसरशाही के बीच सामंजस्य कायम किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्रियों से उनके विभाग के राज्य मंत्रियों द्वारा काम न सौंपे जाने की शिकायत पर उन्होंने कहा कि उनकी खुश किस्मती है कि उनके विभाग में कोई राज्य मंत्री नहीं है इसलिए शिकायत का कोई सवाल ही नहीं उठता। अधिकारियों की महत्वपूर्ण पोस्टिंग में जातिगत आधार पर भेदभाव की बात को लेकर उन्होंने कहा कि यह गलत है। इसे लेकर अगर कोई मामला हो तो उन्हें बताया जाये किसी कारण से उपेक्षित अनुभव कर रहे अधिकारी को वे पोस्टिंग दिलायेंगे।
कैबिनेट मंत्री ने अपने लघु एवं सूक्ष्म मंत्रालय की कार्ययोजना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इस सेक्टर को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार ने कई तरह की रियायतें देने का फैसला लिया है जिससे लघु और सूक्ष्म उद्योगों को प्रोत्साहन मिल रहा है। एक जिला एक उत्पाद योजना को भी उन्होंने बेहद कामयाब बताया।
कैबिनेट मंत्री के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी भी रहे। उन्होंने अनुरागी को अनन्य साथी करार दिया। कहा कि लोकसभा के कार्यकाल में हम दोनों के बीच गहरी छनती थी। आज भी वह गर्मजोशी बरकरार है। बाद में उन्होंने डा केएन सिंह के यहां ही रात्रि भोजन किया।

Leave a comment