धनतेरस के दिन जालौन में हुआ दुकानदार के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पांच गिरफ्तार, केवल 15 हजार के लिये चली गयी दुकानदार की जान


उरई। धनतेरस के दिन कस्बा जालौन में औरेया रोड पर हुयी दुकानदार के ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा पुलिस की मेहनत से जल्दी हो गया है। गुरूवार को पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने पुलिस लाइन्स में हुयी मीडिया वार्ता में बताया कि इस सिलसिले में पांच लोग गिरफ्तार किये गये है। हत्या लूट की इरादे से की गयी थी। पांच लोगों द्वारा अंजाम दिये जाने से हत्या के साथ इस मुकदमे में डकैती की धारा भी जोड़ दी गयी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले के त्वरित खुलासे के लियें जालौन कोतवाली पुलिस की सहायता हेतु उन्होने एसओजी और सर्विलांस को लगाया था। यह रणनीति कारगर रही। गिरफ्तार किये गये आरोपितों के नाम छोटू त्रिवेदी उर्फ आशुतोष कुमार निवासी मुहल्ला जोशियाना जालौन, बिहारी सोनी उर्फ प्रिंस निवासी मुहल्ला फर्दनवीस जालौन, आदित्य पटेल निवासी मुहल्ला भवानीराम जालौन, मोहित बाथम निवासी धुआताल जालौन और शिवपूजन राजपूत निवासी मुहल्ला चौधरियाना जालौन शामिल है।
उन्होने दावा किया कि आरोपितों ने अपराध कुबूल कर लिया है। आरोपितांे ने बताया कि धनतेरस के दिन 22 अक्टूबर को वे लोग पैसे का इन्तजाम करने के लिये मोटर साइकिलों से विचरण कर रहे थे। औरेया रोड पर चंुगी नं0 4 कन्हैया होटल के आगे उन्हे मुहल्ला चौधरियाना निवासी वीरेन्द्र कुमार चौरसिया दुकान खोले दिखे जिनको वे लोग पहले से पहचानते थे और अंदाजा था कि वीरेन्द्र चौरसिया के पास अच्छा खासा पैसा मिलेगा। इस कारण वे उनकी दुकान में घुसकर उनका झोला खीचनें की कोशिश करने लगे तो वीरेन्द्र चौरसिया उनसे भिड़ गये। उन लोगो ने चौरसिया को पस्त करने के लिये पहले तो उनके सिर में हथौड़ा मारा फिर भी वीरेन्द्र उलझना बन्द नहीं किया तो छोटू त्रिवेदी के हाथ में लोहे का पानी वाला पाइप था। जिससे उसने वीरेन्द्र के सिर और चेहरे पर कई वार किये नतीजतन लहू लुहान हो कर वीरेन्द्र मौके पर ही दम तोड़ बैठे। बाद में वे उसका झोला उठाकर भाग निकले। आगे उन्होने झोले के अन्दर देखा तो उसमें कुल मिलाकर मात्र 15000 हजार रूपये मिले जिसमेें से तीन-तीन हजार रूपये बांट लिये। ये रकम भी उन्होने जुआ खेलकर बर्वाद कर ली। बचे कुछ रूपये गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम ने उनसे बरामद कर लिये हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया रक्त रंजित लोहे का पाइप भी उनकी निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है। साथ ही घटना प्रयुक्त उनकी दो मोटर साइकिलें जब्त की गयी हैं। पुलिस अधीक्षक ने जालौन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप कुमार तिवारी, एओजी प्रभारी अर्जुन सिंह, सर्विलांस प्रभारी योगेश पाठक और उनकी टीमों को इस अनावरण के लिये शाबाशी दी है।  

Leave a comment