उरई | शनिवार सुबह जालौन कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के 195 किलोमीटर के पास औरैया से एक डंपर ईटों को लेकर झांसी की तरफ आ रहा था।  जैसे ही डंपर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के 195 किलोमीटर के पास पहुंचा, तभी घना कोहरा होने के कारण चालक को आगे का रास्ता दिखाई नहीं दिया, जिससे उसने डिवाइडर पर डंपर चढ़ा दिया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक के बाद एक करके दो डंपर उससे टकरा गए। इस हादसे में बीच के डंपर में सवार चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें एक डंपर के केबिन में फंसकर परिचालक धर्मेंद्र साहू निवासी बागोर थाना एरच जिला झांसी की मौत हो गई जबकि ड्राइवर देवेंद्र सिंह निवासी छावरा जिला झांसी वह दूसरे डंपर का ड्राइवर घायल हो गया जबकि पीछे वाले डंपर के चालक और हेल्पर घटना के बाद मौके से भाग गए। इस हादसे के बाद औरैया से चित्रकूट जाने वाली लेन बाधित हो गई। इस हादसे के बारे में तब जानकारी हुई जब पेट्रोलिंग करने वाली टीम वहां से निकली, जिससे तीन डंपर को एक साथ टकराते हुए देखा जिस पर पेट्रोलिंग टीम ने जालौन कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जालौन कोतवाली पुलिस क्रेन लेकर घटनास्थल पर पहुंची, जिसने क्रेन की मदद से डंपर में फंसे परिचालक और चालक को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया जबकि पुलिस ने मृतक परिचालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a comment