उरई। झांसी कानपुर हाई वे के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गयी | बताया गया है कि युवक एक प्राइवेट बैंक कर्मचारी था जो ट्रांसफर होने पर ज्वाइनिंग केलिए जा रहा था |
कालपी कोतवाली क्षेत्र के लुहरगांव निवासी किसान मगन का 21 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र सिंह मंगलवार की देर शाम बाइक से रसूलाबाद से चिरगांव बंधन बैंक में ज्वाइनिंग करने जा रहा था। जब उसकी बाइक झांसी जनपद के झांसी कानपुर हाइवे स्थित सेमरी टोल के पास पहुंची तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर उसे चिरगांव अस्पताल पहुंचाया। सूचना पाकर पहुंचे परिजन उसे लेकर झांसी जा रहे थे तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि धर्मेंद्र रसूलाबाद स्थित बैंक में काम करता था जहां से उसका ट्रांसफर चिरगांव हो गया था। तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।







Leave a comment