जालौन-उरई । न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने ग्राम छिरिया सलेमपुर में 4 युवकों द्वारा घर में अकेली महिला के साथ अभद्रता एवं तमंचा दिखाकर मंगलसूत्र छीन लेने की रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छिरिया सलेमपुर निवासी श्याममूर्ति पत्नी मानसिंह ने बताया कि बीती 13 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 7 बजे वह घर पर अकेली थी। पति व ससुर आदि परिवार के लोग दूसरे मकान पर गए थे। इसी दौरान गांव के राहुल अपने 4 साथियों के साथ उसके घर आ धमके और तमंचा दिखाते हुए गाली गलौज करने लगे। तमंचा दिखाते हुए उन्होंने करवा चौथ के दिन उनका मंगलसूत्र छीन लिया। महिला का आरोप है आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए उनके साथ अभद्रता की। जिसकी शिकायत उसने कोतवाली पुलिस से की थी। लेकिन रिपोर्ट दर्ज न होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उक्त संदर्भ में प्रभारी कोतवाल आनंद सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच कर उचित कार्रवाई कर रही है।

Leave a comment