संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारने का संकल्प: कलेक्ट्रेट में गरिमा के साथ मनाई गई अंबेडकर जयंती”

उरई। कलेक्ट्रेट सभागार में भारत रत्न एवं संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय सहित सभी अधिकारियों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि भीमराव अंबेडकर ने भारतीय समाज को समानता, न्याय और अधिकारों का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि संविधान के मूल्यों—न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता—को आत्मसात कर ही एक सशक्त और समावेशी समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे जनता के प्रति संवेदनशीलता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और आत्मसम्मान की प्रेरणादायक गाथा है, जिससे हर व्यक्ति को सीख लेनी चाहिए। वहीं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए जो कार्य किए, वे सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।

अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद्र मौर्य ने कहा कि बाबा साहब के विचार हमें समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) विनय मौर्य, वरिष्ठ कोषाधिकारी अवनीश सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a comment