उरई। होमगार्ड्स इनरोलमेंट–2025 परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। राजेश कुमार पाण्डेय (जिलाधिकारी) एवं विनय कुमार सिंह (पुलिस अधीक्षक) ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आचार्य नरेन्द्र देव इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, दयानंद वैदिक महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज तथा गांधी इंटर कॉलेज में सीसीटीवी, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, छाया और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सघन चेकिंग, फ्रिस्किंग और सीसीटीवी निगरानी के मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए।
यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10:00 से 12:00 बजे तथा दूसरी पाली दोपहर 3:00 से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। जनपद में कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता और ईमानदारी से करें, ताकि परीक्षा को निष्पक्ष और आदर्श तरीके से संपन्न कराया जा सके।






Leave a comment