रेंढर में भीषण आग: 30 ट्रक भूसा जलकर राख, लाखों का नुकसान


कुठौंदा -उरई । क्षेत्र के रेंढर गांव में शनिवार दोपहर भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर करीब 30 ट्रक के बराबर भूसा जलकर राख हो गया, जिससे लगभग 20 लाख रुपये की क्षति आंकी जा रही है।

बताया गया कि यह घटना महेश चंद्र पांडेय (प्रधानाचार्य, जे.एन. पांडेय इंटर कॉलेज रेंडर एवं उपाध्यक्ष सिंचाई बंधु, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा मनोनीत) के ईंट भट्ठे के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी व्यक्ति द्वारा अपने खेत में साफ-सफाई के लिए लगाई गई आग तेज हवा के कारण फैल गई और पास में रखे करीब ढाई हजार कुंतल भूसे को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और रेंडर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दो दमकल गाड़ियां लगातार रात भर आग बुझाने में जुटी रहीं, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। रविवार सुबह भी दमकल कर्मी आग बुझाने में लगे रहे, जबकि कई स्थानों पर अब भी भूसा धधकता रहा।

आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के गांवों में भी भय का माहौल बना रहा, क्योंकि आग के फैलने से जनहानि की आशंका बनी हुई थी। मौके पर पहुंचे सीएफओ अरविंद्र कुमार सिंह ने स्थिति का जायजा लिया और आग पर जल्द काबू पाने के निर्देश दिए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो आसपास के क्षेत्रों में और नुकसान हो सकता है। प्रशासन द्वारा एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a comment