उरई। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में कक्षा 10 के छात्र श्रेष्ठ स्वर्णकार ने 600 में से 587 अंक प्राप्त कर जनपद जालौन में प्रथम स्थान हासिल किया है। अपनी मेहनत, अनुशासन और विशिष्ट उत्तर लेखन शैली के दम पर उन्होंने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए जिले का नाम रोशन किया।
श्रेष्ठ स्वर्णकार की इस सफलता को लेकर समग्र सनातन जागृति सभा की केंद्रीय इकाई द्वारा श्री शंकर बैंक्विट हॉल, राठ रोड उरई में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी (आईपीएस) उपस्थित रहे।
समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें सीबीएसई बोर्ड की छात्रा गौरी सोनी (सरस्वती विद्या मंदिर उरई), केतकी (शंभू महाराज इंटर कॉलेज, राजेंद्र नगर उरई) सहित “इंटेलिजेंट भारत” संस्थान के स्पर्श सचान, रुद्र आदित्य, तनिष्क राजावत, सौम्या, दीपेश वर्मा, श्रेया गुप्ता, नैतिक सचान, शिवांश गुप्ता, आराध्य सिंह, दिशा राजावत, वैष्णवी, अंशिका राजावत, शौर्य परिहार, यश रावत, अभय प्रताप सहित 30 से अधिक छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला टॉपर श्रेष्ठ स्वर्णकार ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि डॉ. ईशान सोनी ने अपने संबोधन में छात्रों को अनुशासन, नियमित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति निष्ठा का महत्व समझाया। उन्होंने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े विषयों जैसे मिशन शक्ति, आत्मरक्षा प्रशिक्षण और साइबर अपराध से बचाव पर भी विस्तार से जानकारी दी।
समग्र सनातन जागृति सभा के केंद्रीय अध्यक्ष अरविंद कुमार स्वर्णकार ने बताया कि छात्रों में विज्ञान और तकनीकी के प्रति रुचि विकसित करने के लिए “सनातन ओलंपियाड” का शुभारंभ 11 मई 2026 (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस) से किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ना है।
कार्यक्रम में प्रोफेसर एस.एस. चौहान (अध्यक्ष, सनातन ओलंपियाड समिति), एडवोकेट ऋषि कुमार पटेल (जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष), डॉ. उमाशंकर सोनी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने छात्रों को मार्गदर्शन दिया।
अंत में जिला अध्यक्ष संदीप पांचाल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और समाजसेवी मौजूद रहे।








Leave a comment