कालपी-उरई। कालपी क्षेत्र के तरीबुल्दा मोहल्ले में गृहकलह से परेशान एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खा लेने का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान युवक की कानपुर में मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय संदीप निषाद पुत्र सोबरन निषाद निवासी तरीबुल्दा, कालपी ने पारिवारिक विवाद के चलते आक्रोश में आकर घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया।

परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया। परिजन युवक को कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराते रहे, लेकिन बुधवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गुरुवार को जब परिजन युवक का शव लेकर घर पहुंचे तो मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।

बाद में परिजनों और क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी में यमुना तट पर युवक का अंतिम संस्कार किया गया।

Leave a comment