NEET-UG 2026 परीक्षा पर प्रशासन की कड़ी नजर, डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण

उरई। जनपद जालौन में आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को निष्पक्ष, नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीएम और एसपी ने जवाहर नवोदय विद्यालय, दयानंद वैदिक कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की चेकिंग व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली का बारीकी से परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुचित गतिविधि को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, इसलिए सभी मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्व निभाएं।

डीएम ने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित किया जाए।

वहीं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने और प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए ताकि परीक्षा की गरिमा हर हाल में बनी रहे।

परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों पर सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की थी, जो लगातार निगरानी बनाए हुए थे। पूरे दिन प्रशासनिक और पुलिस अमला सक्रिय रहकर परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखता रहा।

Leave a comment