कालपी-उरई। सोमवार तड़के कालपी हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। अयोध्या से दर्शन कर लौट रही एक टवेरा गाड़ी हाईवे पर खड़े डंपर से जा टकराई, जिससे मौके पर ही छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा सोमवार सुबह करीब 5 बजे चौरासी गुम्बद के पास गैस एजेंसी गोदाम के निकट हुआ। बताया जा रहा है कि जनपद ललितपुर की तहसील महरौनी निवासी 10 लोग टवेरा वाहन से अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टवेरा हाईवे पर खड़े डंपर से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में बृजभूषण तिवारी, शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत नायक, दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी और अन्य श्रद्धालु शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं अंशु तिवारी, स्वामी प्रसाद तिवारी, मनोज भोंडले, देशराज नामदेव तथा चालक प्रहलाद समेत अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह और सीओ अवधेश कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मृतकों के प्रति गहरा दुख व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। श्रद्धालुओं की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।







Leave a comment