डीएमएफ निधि से जनपद को विकास की सौगात, अस्पतालों से लेकर सड़कों तक कई बड़े प्रस्ताव मंजूर

उरई। विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित प्रधानमंत्री खनिज कल्याण क्षेत्र योजना (डीएमएफ) न्यास की बैठक में जनपद जालौन के विकास को गति देने वाले कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में सांसद नारायण दास अहिरवार, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन तथा माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन सहित जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

बैठक में तय किया गया कि डीएमएफ निधि का उपयोग अब सीधे जनसुविधाओं और आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने वाले कार्यों पर केंद्रित किया जाएगा। खासतौर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और शहर-कस्बों की आधारभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने वाले प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति दी गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि डीएमएफ निधि से होने वाले सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। खनन प्रभावित क्षेत्रों में सड़क एवं नाली निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इंटरलॉकिंग सड़कें और ड्रेनेज व्यवस्था मजबूत होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा तथा जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।

जिला चिकित्सालय उरई में डामर रोड और टीन शेड निर्माण को प्राथमिकता दी गई, जिससे मरीजों और तीमारदारों को बेहतर सुविधा मिल सके। वहीं जिला महिला चिकित्सालय में बिजली संकट से निपटने के लिए 125 केवीए क्षमता वाले तीन फेज जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रस्ताव पारित किया गया, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध जारी रह सकें।

भीषण गर्मी को देखते हुए जिला अस्पताल में पंडाल, एसी, एयर कूलर और वाटर कूलर जैसी व्यवस्थाओं के लिए भी डीएमएफ निधि से धन उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी।

बैठक में ग्राम डकोर, तहसील उरई में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के किनारे लगभग 161.99 लाख रुपये की लागत से डंपिंग यार्ड निर्माण का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। साथ ही हाईटेक नर्सरी बुधपुरा में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने को मंजूरी दी गई, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

खान अधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद में डीएमएफ योजना के तहत बड़ी संख्या में विकास कार्य संचालित हैं, जिनमें अधिकांश पूर्ण हो चुके हैं जबकि शेष कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, खान अधिकारी सन्नी कौशल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a comment