न्यामतपुर-उरई । जनपद जालौन में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत एसओजी प्रभारी रहे वरुण प्रताप को थाना सिरसा कलार की कमान सौंपी गई है। नई जिम्मेदारी संभालते ही उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जनता को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है।
एक विशेष बातचीत में थाना प्रभारी वरुण प्रताप ने कहा कि वे मूल रूप से आगरा जनपद के निवासी हैं और पुलिस सेवा की शुरुआत गाजियाबाद में हुई, जहां उन्हें पांच वर्षों तक जनता की सेवा करने का अवसर मिला। वर्ष 2022 में उनका स्थानांतरण जालौन जनपद में हुआ, जिसके बाद उन्होंने फैक्ट्री एरिया चौकी प्रभारी, थाना गोहन, कोटरा और रेंढ़र थाने के प्रभारी के रूप में कार्य किया। इसके बाद वह एक वर्ष तक एसओजी प्रभारी भी रहे।
उन्होंने कहा कि हर जिम्मेदारी को ईमानदारी और मेहनत के साथ निभाया है तथा आगे भी शासन के निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे। वरुण प्रताप ने साफ शब्दों में कहा कि अपराधियों के खिलाफ कानूनी हंटर चलाया जाएगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा,
“अपराधियों की कोई जाति नहीं होती। जो अपराध करेगा, उसे सलाखों के पीछे भेजने का काम किया जाएगा। मेरे रहते किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होगा और जनता को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।”
नए एसओ ने क्षेत्रीय जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई गुंडा, बदमाश या असामाजिक तत्व किसी को परेशान करता है तो लोग निसंकोच पुलिस से संपर्क करें। पुलिस हर समय जनता की मदद के लिए तैयार है।
थाना सिरसा कलार में वरुण प्रताप की तैनाती को लेकर क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।







Leave a comment