उरई। जनपद जालौन पुलिस के लिए मंगलवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। कोतवाली उरई में दर्ज अपहरण के एक मामले में अपहृत युवक की सकुशल बरामदगी के लिए हरियाणा गई पुलिस टीम की गाड़ी का जनपद नूह में भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो उपनिरीक्षकों, दो आरक्षियों और मुकदमे के वादी की दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली उरई में पंजीकृत अभियोग संख्या 256/2026 में अपहृत बिजेन्द्र सिंह पुत्र रघुवीर सिंह निवासी अमरहेड़ी, थाना सिविल लाइन, जनपद जींद (हरियाणा) की बरामदगी के लिए जालौन पुलिस की विशेष टीम हरियाणा रवाना की गई थी।
आज सुबह लगभग 10 बजे थाना तावड़ू सदर, जनपद नूह (हरियाणा) क्षेत्र में टीम की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई।
दुर्घटना में मृतक पुलिसकर्मी व वादी के नाम इस प्रकार हैं—
उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह — कोतवाली उरई
उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव — कोतवाली उरई
आरक्षी प्रदीप कुमार — सर्विलांस सेल
आरक्षी अशोक कुमार — कोतवाली उरई
अमरीक सिंह पुत्र देवा सिंह निवासी जनपद संगरूर, पंजाब (वादी मुकदमा)
घटना की सूचना मिलते ही हरियाणा के जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जालौन पुलिस ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। सभी परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।







Leave a comment