इटावा। दैनिक जागरण के तत्वावधान में होटल अमर आशियाना में आयोजित एक गरिमामय समारोह में जनपद के जांबाज पुलिसकर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डीसीआरबी प्रभारी इंस्पेक्टर भीमसेन पौनिया को अपराध नियंत्रण एवं उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के लिए विशेष रूप से मेडल, प्रमाण पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने इंस्पेक्टर पौनिया को उनकी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पित सेवा के लिए “उत्कृष्ट मेडल” प्रदान किया। समारोह में उनके द्वारा जटिल मामलों के सफल निस्तारण तथा अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने की कार्यशैली की सराहना की गई।
वक्ताओं ने कहा कि “खाकी मात्र एक वर्दी नहीं, बल्कि त्याग और तपस्या का संकल्प है। इंस्पेक्टर भीमसेन पौनिया ने अपनी कार्यकुशलता से यह सिद्ध कर दिया कि जब निष्ठा अडिग हो, तो न्याय की मशाल कभी बुझती नहीं।”
समारोह में यह भी कहा गया कि “समाज की सुरक्षा के लिए पुलिस दिन-रात कार्य करती है और भीमसेन पौनिया जैसे अधिकारी विभाग की मजबूत पहचान हैं। उनकी कार्यशैली अपराधियों के लिए चेतावनी और आमजन के लिए भरोसे का प्रतीक है।”
दैनिक जागरण एवं पुलिस प्रशासन द्वारा किया गया यह सम्मान उनकी न्यायप्रिय कार्यप्रणाली, सूझबूझ और अनुशासित सेवा का प्रतीक बताया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि इंस्पेक्टर पौनिया की कार्यशैली युवा पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा बनेगी।






Leave a comment