कोंच-उरई मार्ग पर बड़ा हादसा, खाई में पलटी यात्री बस; महिला की मौत, कई घायल

कोंच। कोंच-उरई सड़क मार्ग पर हरदोई गांव के निकट शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

हादसे की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने थाना एट क्षेत्रान्तर्गत ग्राम हरदोई गुर्जर के पास पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

पुलिस ने मृतका की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। वहीं हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a comment