न्यामतपुर, जालौन। महेवा विकासखंड क्षेत्र में जल निगम द्वारा लगवाए गए कई हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को भीषण गर्मी में पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के न्यामतपुर, अभैदेपुर, बम्हौरा, दमरास, खड़गुई, पाल, सिमरा और शेखपुर सहित कई गांवों में लगे हैंडपंप बंद पड़े हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
न्यामतपुर स्थित राजकीय बीज गोदाम का हैंडपंप करीब दो वर्ष से खराब पड़ा है। वहीं मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र का हैंडपंप भी एक वर्ष से अधिक समय से बंद है। बीज गोदाम पर प्रतिदिन क्षेत्र के करीब एक सैकड़ा किसानों का आवागमन रहता है, जबकि मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र पर गर्भवती महिलाओं और उनके तीमारदारों का आना-जाना लगा रहता है।
ऐसी स्थिति में लोगों को पेयजल के लिए दूर स्थित हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में पानी के लिए भटकना मजबूरी बन गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि खराब पड़े हैंडपंपों की जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम एवं खंड विकास अधिकारी महेवा को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सार्वजनिक संस्थानों एवं गांवों में खराब पड़े हैंडपंपों को शीघ्र ठीक कराया जाए, ताकि लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।






Leave a comment