महेवा क्षेत्र में खराब हैंडपंप बने मुसीबत, किसान और गर्भवती महिलाएं परेशान

न्यामतपुर, जालौन। महेवा विकासखंड क्षेत्र में जल निगम द्वारा स्थापित हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच गांवों में पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

महेवा विकासखंड के न्यामतपुर, अभैदेपुर, बम्हौरा, दमरास, खड़गुई, पाल, सिमरा और शेखपुर सहित कई गांवों में लगे हैंडपंप खराब पड़े हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद मरम्मत कार्य नहीं कराया जा रहा।

न्यामतपुर स्थित राजकीय बीज गोदाम का हैंडपंप करीब दो वर्षों से खराब पड़ा है। यहां प्रतिदिन लगभग एक सैकड़ा किसानों का आना-जाना रहता है। वहीं मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र का हैंडपंप भी एक वर्ष से अधिक समय से बंद पड़ा है। इस केंद्र पर प्रतिदिन गर्भवती महिलाओं एवं उनके तीमारदारों का आवागमन होता है, जिन्हें भीषण गर्मी में पेयजल के लिए भारी दिक्कत उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम एवं खंड विकास अधिकारी महेवा को इसकी जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

स्थिति यह है कि किसान और मरीजों के तीमारदार दूर स्थित हैंडपंपों से पानी लाकर अपनी प्यास बुझाने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन स्थानों पर सबसे अधिक पेयजल की आवश्यकता है, वहीं लगे हैंडपंप अनुपयोगी बने हुए हैं।

ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र के सभी खराब पड़े हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत कराकर पेयजल समस्या का समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Leave a comment