एमएल कन्वेंट स्कूल का शानदार परीक्षा परिणाम, स्वर्णिका ने 91 प्रतिशत अंक के साथ किया जिला टॉप

उरई। एमएल कन्वेंट द स्पेस साइंस लैब स्कूल ने एक बार फिर उत्कृष्ट शैक्षिक स्तर का परिचय देते हुए सीबीएसई 12वीं परीक्षा में शानदार परिणाम हासिल किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार स्कूल का परीक्षा परिणाम 80 प्रतिशत रहा और विद्यार्थियों ने जिले में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

विद्यालय की छात्रा स्वर्णिका ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जालौन जनपद में टॉप किया। इसके अलावा अपेक्षा निरंजन ने 87 प्रतिशत, आस्था ने 86 प्रतिशत, श्रेया पाठक एवं कृष्ण गुप्ता ने 85-85 प्रतिशत तथा निखिल ने 83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विद्यालय के कुल 10 विद्यार्थियों ने 80 से 90 प्रतिशत के बीच अंक हासिल किए।

विद्यालय के 19 विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में 95 से 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की, जबकि 25 विद्यार्थियों ने किसी न किसी विषय में 90 से अधिक अंक अर्जित किए।

विषयवार प्रदर्शन में श्रेया पाठक एवं स्वर्णिका ने पेंटिंग विषय में 100 में 100 अंक प्राप्त किए। इंग्लिश में अपेक्षा ने सर्वाधिक 97 अंक हासिल किए। वंश ने फिजिकल एजुकेशन में 95 अंक तथा श्रेया पाठक ने केमिस्ट्री में 92 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि सीबीएसई द्वारा विद्यार्थियों को अंक सुधार के लिए रिचेकिंग का अवसर भी प्रदान किया जाता है, जिससे छात्र अपने परिणाम में सुधार करा सकते हैं।

परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में खुशी का माहौल रहा। मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों को मिठाई खिलाकर एवं चरण स्पर्श कर सम्मान व्यक्त किया। वहीं जूनियर विद्यार्थियों ने 12वीं उत्तीर्ण छात्रों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। सफल विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता को भी माला पहनाकर मिठाई खिलाई।

विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर गौरव गुप्ता ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने 12वीं के बाद विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार सही स्ट्रीम चुनने के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया।

Leave a comment