आर्थिक तंगी से परेशान अधेड़ ने खुद को लगाई आग, मौत

जालौन। सिरसा कलार थाना क्षेत्र के मऊ खुर्द गांव में एक अधेड़ व्यक्ति ने कथित रूप से पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मऊ खुर्द निवासी ओंकार सिंह सेंगर (55) सोमवार सुबह करीब 8 बजे खेतों की ओर गए थे। बताया जाता है कि वहां उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। पास में बकरी चरा रहे एक युवक ने उन्हें जलते हुए देखा और गांव में सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह पहचान की, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुके थे।

सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर सिरसा कलार थाना प्रभारी वरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही अधेड़ ने दम तोड़ दिया था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। बाद में क्षेत्राधिकारी जालौन, तहसील प्रशासन तथा फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार मृतक की आर्थिक स्थिति काफी खराब थी। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया कि ई-रिक्शा लोन पर लिया गया था और किस्तें जमा न होने के कारण करीब 20 दिन पहले कंपनी वाहन वापस ले गई थी। इसके बाद से वह काफी तनाव में रहने लगा था। ग्रामीणों का मानना है कि आर्थिक तंगी और परेशानियों के चलते उसने यह कदम उठाया।

Leave a comment