उरई। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय लगातार संवेदनशील और सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता, धैर्य और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने राजस्व, पुलिस, विद्युत, नगर निकाय, राशन कार्ड, सड़क, पेंशन, अतिक्रमण एवं भूमि विवाद से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई, जबकि गंभीर प्रकरणों में जिम्मेदार अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन को समय पर न्याय और राहत मिले तथा किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान फरियादियों को सहज वातावरण में अपनी बात रखने का अवसर मिला, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत दिखाई दिया।






Leave a comment