जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी से करें : डीएम

उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य की समीक्षा हेतु समस्त प्रगणकों के साथ वर्चुअल बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के निर्धारण तथा भविष्य की नीतियों का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए यह कार्य पूर्ण पारदर्शिता, सावधानी और जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 22 मई से 20 जून तक जनगणना कार्य संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रगणक घर-घर जाकर नागरिकों से आवश्यक जानकारियां एकत्र कर रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रगणक शालीन व्यवहार के साथ निर्धारित प्रारूप में सही एवं तथ्यात्मक जानकारी संकलित करें, ताकि जनगणना कार्य की गुणवत्ता बनी रहे।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा सही जानकारी उपलब्ध कराकर राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Leave a comment