अपहरण कांड का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार; अपहृत युवक सकुशल बरामद

आटा थानाध्यक्ष ए.के. सिंह व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई

उरई। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में थाना आटा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से अपहरण की एक सनसनीखेज घटना का सफल खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा घटना में प्रयुक्त कार और अपहृत की मोटरसाइकिल भी बरामद की गयी.

पुलिस के अनुसार 2 जून को थाना आटा क्षेत्र के एक युवक के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तत्काल तीन विशेष टीमों का गठन किया। थाना आटा के थानाध्यक्ष ए.के. सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और दिल्ली तथा गाजियाबाद में दबिश दी।

संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और साक्ष्य संकलन के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया.

जांच में सामने आया कि रुपये के लेन-देन के विवाद को लेकर युवक का अपहरण किया गया था। आरोपियों ने उसे जबरन वाहन में बैठाकर अपने कब्जे में रखा था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते युवक को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कार तथा अपहृत युवक की मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment